एटा। जिले में चहुंओर विकास की गंगा बहने वाली है। बड़ी परियोजनाओं पर तो काम चल रहा है, जिले के चार विधायक और एक एमएलसी में से तीन विधायक और एक एमएलसी की निधि जिला प्रशासन को प्राप्त हो चुकी है। चार करोड़ रुपये से विकास कार्य कराए जाने के प्रस्ताव भी विकास भवन पहुंच गए हैं, चौथे विधायक की निधि आते ही युद्घ स्तर पर विकास कार्य कराए जाएंगे।
जिले में विकास कार्य कराने के लिए वित्तीय वर्ष 2019,20 के लिए तीन विधायकों की निधि आ चुकी हैं। जिसमें सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड, अलीगंज विधायक सत्यपाल सिंह राठौर, मारहरा विधायक देवेंद्र सिंह लोधी और एमएलसी एवं विधान परिषद सभापति रमेश बाबू यादव की कुल चार करोड़ की निधि आ चुकी है। जलेसर के विधायक संजीव दिवाकर की निधि आना अभी बाकी है। संजीव दिवाकर की निधि के आने के बाद ही कार्य कराना शुरू कराए जाएंगे।
लंबे समय से विधायकों को निधि आने का इंतजार था, वहीं विधायकों के समर्थकों को भी उम्मीद है कि उनके क्षेत्रों में नाली, खरंजा और पानी, बिजली की समस्याओं का समाधान अब हो सकेगा। निधि आने के साथ ही विधायकों अपने-अपने खाते के एक-एक करोड़ रुपये के कार्यों का लेखा, जोखा मुख्य विकास अधिकारी मदन वर्मा को सौंप दिया है। केवल एक विधायक की निधि का इंतजार है। उसके आते ही गली-गली, गांव-गांव विकास की अलख जग उठेगी।
ये होंगे कार्य
शहर के वार्डों सहित गांव देहातों को जाने वाली सड़कों पर इंटरलॉकिंग और नालियों का निर्माण, नए नलों की बोरिंग, यातायात प्रतीक्षालय, सोलर लाइट आदि कार्य कराए जाएंगे।
मलावन में बनेगा सार्वजनिक शौचालय
सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड की निधि से मलावन में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। छह से आठ सीट के इस शौचालय में महिलाओं और दिव्यांगों के लिए भी व्यवस्था की जाएगी। साथ ही गांव के खरंजा, नए नलों की बोरिंग भी की जाएगी।
विधायक निधि आ चुकी है। कार्य योजना भी बन गई है। जल्दी ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा। साथ ही मलावन में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया जाएगा।
विपिन वर्मा डेविड, सदर विधायक