एटा। थाना जैथरा में एक महिला ने अपने ससुरालीजन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया कि बड़ी बेटी के प्रसव के समय छोटी नाबालिग बेटी को मदद के लिए भेजा था। मगर ससुरालीजन ने उसका अपहरण कर लिया है।
गांव मड़हुआ थाना कोतवाली जिला गाजीपुर की रहने वाली उर्मिला उर्फ प्रमिला यादव ने बताया कि उन्होंने पुत्री लकी का विवाह 22 अप्रैल 2022 को कठिंगरा निवासी सुरजीत यादव के साथ किया था। कुछ महीनों बाद बेटी का प्रसव होने वाला था। नाबालिग छोटी बेटी को उसके सहयोग के लिए भेज दिया। वहां बेटी की सास अनीता देवी और जेठ सोनू यादव ने साजिश करके उसका अपहरण कर लिया। उसके बारे में पूछने पर कुछ नहीं बताते हैं। कई बार शिकायत की और जाकर बात भी करने का प्रयास किया तो उल्टा-सीधा बोलते हैं। इतना ही नहीं गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देते हैं।
कहा कि लकी ने कई बार अपने पति सुरजीत से कहा कि मेरी बहन को भेज दो। तो वह उसको बुरी तरह से पीटता है। मोबाइल नंबर बदल-बदल कर सुरजीत आए दिन मेरी हत्या करवाने की मुझे धमकी देता है। सीओ अलीगंज सुधांशु शेखर ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है, जो भी तथ्य निकलकर सामने आएंगे उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।