बेसिक शिक्षा परिषद की तीन दिवसीय मिनी क्रीड़ा प्रतियोगिता का गुरुवार को नगला पटटी ग्रामीण स्टेडियम पर शुभारंभ हुआ। छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समा बांध दिया। छात्र छात्राओं ने मार्च पास्ट निकाला।
डीएम के विजयेंद्र पांडियान ने मां शारदे के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने ध्वजारोहण का शांति के प्रतीक कबूतरों को आसमान में छोड़ा। उन्होंने 200 मीटर बालिका वर्ग दौड़ प्रतियोगिता का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि खेल हमारे जीवन का महत्वपूर्ण अंग हैं। शरीर को निरोगी रखने के साथ ही इनमें आज अच्छा भविष्य है।
छात्राओं ने मां शारदे की वंदना प्रस्तुत की। इसके अलावा भारतीय संस्कृति, देशभक्ति से संबंधित गीत प्रस्तुत किए गए। बेसिक शिक्षा अधिकारी गीता वर्मा ने अतिथियों को बुके भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने सभी का आभार जताया। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी गिर्राज सिंह, वीरेद्र पटेल, प्रमोद कुमार, थान सिंह, जिला समन्वयक सुधीर मिश्रा, वीरेद्र सिंह, जिला व्यायाम शिक्षक राजेद सिंह आदि मौजूद रहे।
जिला चैंपियन ने मशाल के साथ लगाई दौड़
मिनी क्रीड़ा प्रतियोगिता की मशाल को डीएम ने रोशन किया। इसके बाद गत वर्ष की जिला चैंपियन रही छात्रा रीना ने मशाल के साथ ट्रैक पर दौड़ लगाई। मशाल को क्रीड़ा स्थल पर स्थापित किया गया।
पहले दिन ये रहे विजेता
प्रतियोगिता के पहले दिन 50 मीटर बालक वर्ग में प्रथम सौरभ द्वितीय विशेष, तृतीय मौहर सिंह रहे। 50 मीटर बालिका वर्ग में प्रथम प्रियंका, द्वितीय सुमन, तृतीय राधा रहीं।