होली पर गुरुवार को मिलावटी सामान विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापेमारी कर तीन सैंपल भरे। कार्रवाई की भनक लगते ही खाद्य पदार्थ विक्रेता प्रतिष्ठानों पर शटर गिरा कर रफूचक्कर हो गए। खाद्य सुरक्षा विभाग के अफसरों ने मिलावट के शक में दो क्विंटल मिठाई फिंकवाई।
उप जिलाधिकारी राजपाल सिंह एवं क्षेत्राधिकारी कौशलेंद्र कुमार तहसीलदार संजीव ओझा के नेतृत्व में गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग के अफसरों ने कार्रवाई शुरू की तो मिठाई विक्रेताओं में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते दुकानों के शटर गिर गए और व्यापारी फरार हो गए। दुकानें बंद होने के बाद भी टीम ने आगरा बस स्टेंड एवं निधौली चौराहा स्थित मिठाई की दुकानों पर रखी दो क्विंटल मिठाई को मिलावट के शव में फिंकवा दिया। टीम ने तीन व्यापारियों मुकेश, महेश एवं संतोष के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। एक सप्ताह पूर्व मिलावटी दूध के सामान विक्रेताआें के यहां पुलिस, प्रशासन एवं खाद्य निरीक्षक ने कार्रवाई कर किराना व्यवसायी जगदीश की दुकान से 92 बैग ग्लूकोज पाउडर बरामद किया था। मामले में रिपोर्ट दर्ज हुई थी।