एटा। जलेसर क्षेत्र के 10 विद्यालयों में अलीगढ़ के एक एनजीओ द्वारा पका हुआ भोजन मिडडेमील के तहत वितरित किया जाता है। मंगलवार को प्राथमिक विद्यालय टाउन में दाल व चावल में कीड़े निकले थे। मामले की शिकायत एसडीएम से की गई थी। जहां दाल व चावल के नमूने लिए गए थे। वहीं मिडडेमील प्रभारी ने अलीगढ़ के एनजीओ जनहितकारी सेवा संस्थान, रामनगर के संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
एमडीएम प्रभारी अमित चौहान ने बताया कि मंगलवार को दाल व चावल में कीड़ों की शिकायत पर जांच के लिए एक कमेटी का गठन किया था। बुधवार को कमेटी के लोग विद्यालय पहुंचे और विद्यार्थियों सहित शिक्षामित्र के बयान लिए। उन्होंने बताया एनजीओ दस विद्यालयों में भोजन की आपूर्ति करता है। ऐसे में जांच कमेटी के लोग अन्य विद्यालयों में पहुंचे और वहां भी शिक्षकों सहित विद्यार्थियों के बयान लिए हैं। फिलहाल अभी तक कमेटी की रिपोर्ट नहीं आई है। वहीं प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए एनजीओ के संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
लखनऊ भेजा गया नमूना
खाद्य सुरक्षा अधिकारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार को विद्यालय से पकी हुई दाल व चावल का नमूना लिया गया था। उसे बुधवार को जांच के लिए लखनऊ प्रयोगशाला में भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी।