भाजपा कार्यालय के घेराव को जा रहे सवर्ण समाज के लोगों को अवागढ़ के रिसोर्ट पर रोका गया।स्रोत सं
जलेसर। भाजपा जिला कार्यालय एटा पर प्रदर्शन और घेराव करने जा रहे सवर्ण समाज के सैकड़ों लोगों को मंगलवार को प्रशासन ने द ग्रैंड रॉयल पैलेस, अवागढ़ में ही नजरबंद कर दिया। प्रदर्शनकारियों को भाजपा कार्यालय जाने से रोकने के बाद प्रशासन की ओर से भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता से वार्ता की गई।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता ने अवागढ़ पहुंचकर समाज के लोगों से ज्ञापन लेने की बात कही और तीन बजे तक पहुंचने का समय दिया। इसके बाद सवर्ण समाज के लोग जिलाध्यक्ष के आने का इंतजार करते रहे लेकिन शाम तक उनके मौके पर नहीं पहुंचने से लोगों में भारी रोष व्याप्त हो गया।
किसान नेता पवन ठाकुर ने जिलाध्यक्ष के नहीं पहुंचने पर कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि यह समाज की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है। जल्द ही नई तारीख की घोषणा कर एटा भाजपा कार्यालय पर उग्र आंदोलन किया जाएगा। वहीं किसान नेता प्रत्येन्द्र शाह सिसोदिया ने कहा कि जिलाध्यक्ष इंतजार कराने के बाद भी कार्यक्रम में नहीं पहुंचना बेहद गैर-जिम्मेदाराना रवैया है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे अपनी बात शांतिपूर्ण तरीके से भाजपा नेतृत्व तक पहुंचाना चाहते थे, लेकिन उन्हें कार्यालय तक जाने की अनुमति नहीं दी गई। इस दौरान वरुण ठाकुर, अभिषेक सिंह, सत्येंद्र सिंह, गौरव प्रताप सिंह, विनय प्रताप सिंह, घनेन्द्र प्रताप सिंह, सुमित प्रताप सिंह और प्रशांत सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में सवर्ण समाज के लोग मौजूद रहे।
जिलाध्यक्ष का कहना है कि प्रभारी मंत्री एटा आए हुए थे। उनके साथ रहने के कारण वहां नहीं पहुंच सका।