शहर के सुभाष मूर्ति के निकट स्थित जैन पॉपूलर मेडिकल स्टोर में चोरी करते समय सीसीटीवी कैमरे मे
- फोटो : शहर के सुभाष मूर्ति के निकट स्थित जैन पॉपूलर मेडिकल स्टोर में चोरी करते समय सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ चोर
एटा। कोतवाली नगर से चंद कदम की दूरी पर स्थित एक मेडिकल स्टोर में सोमवार की रात चोर ने शीशा तोड़कर नकदी सहित 60 हजार रुपये की दवाओं की चोरी कर ली। मंगलवार की सुबह जब मेडिकल संचालक दुकान पर पहुंचे, तो उन्हें इस घटना के बारे में पता चला।
मेडिकल स्टोर संचालक बंटी जैन ने बताया कि उनकी हाथी गेट के अंदर सुभाष मूर्ति के पास जैन पापुलर के नाम से दवाई की दुकान है। हर रोज की तरह सोमवार को भी देर रात अच्छी तरीके से दुकान को बंद करने के बाद अपने घर चले आए। मंगलवार की सुबह जब दुकान खोली और अंदर जाकर देखा, तो सामान बिखरा हुआ था।
वहीं अलमारी में रखे हुए लगभग 15000 रुपये के सिक्के गायब थे। ऊपर जाकर देखा तो कई प्रकार की दवाई भी गायब थीं। लगभग 40 हजार रुपये की दवाई चोरी हुईं हैं। प्रथम तल पर लगा हुआ शीशा टूटा था, जिससे पता चल रहा था कि कोई व्यक्ति पड़ोस की दुकान से चढ़कर शीशा तोड़कर अंदर आया है। दुकान में लगा हुआ सीसीटीवी कैमरा देखा तो उसमें एक नकाबपोश व्यक्ति रात के 3 बजे के लगभग दुकान के अंदर आया है।
लगभग 1 घंटे तक चोरी करने के बाद बाहर निकल गया है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है। सीओ सिटी अमित कुमार राय ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।