एटा। पोलियो से बचाने के लिए 5 वर्ष तक के बच्चों को दवा पिलाई जा रही है। सोमवार को अभियान के दूसरे दिन डब्ल्यूएचओ की टीम अलीगंज विकासखंड क्षेत्र के गांव अलीपुर में पहुंची। यहां कुछ ऐसे घर मिले, जिनके बाहर निशान तो लगे थे , लेकिन बच्चों को दवा नहीं पीलाई गई थी। मामले में सीएचसी अधीक्षक, सुपरवाइजर व टीम के सदस्यों का एक दिन का वेतन काटा गया है। गांव में दोबारा से घर - घर जाकर दवा पिलाने का अभियान चलाया जाएगा।
पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान जिले में रविवार से शुरू हुआ। पहले दिन 5 वर्ष तक के 119552 बच्चों को बूथ पर दवा पिलाई गई। सोमवार से घर - घर दवा पिलाने का अभियान शुरू हुआ। अलीगंज के गांव अलीपुर में सोमवार को डब्ल्यूएचओ की टीम जांच करने जा पहुंची । टीम ने घरों की जांच की। टीम को ऐसे कुछ घर मिले, जहां दवा पीने से बच्चे वंचित रह गए थे। मामले की जानकारी डब्ल्यूएचओ की टीम न सीएमओ को दी। सीएमओ डॉ. उमेश त्रिपाठी ने बताया कि सीएचसी अधीक्षक डॉ. सर्वेश कुमार का एक दिन का वेतन सहित सुपरवाइजर व गांव में लगी टीम का एक दिन का मानदेय काटा जाएगा। वहीं, गांव में दोबारा से अभियान चलाकर घर- घर बच्चों को दवा पिलाई जाएगी।