मंडी समिति चुनाव में भी व्यापारियों की समस्याओं के बजाय जाति और धर्म की सियासत देखने को मिल रही है। सभी प्रत्याशी व्यापारियों के यहां पहुंचकर जाति के नाम पर वोट मांगने लगे हैं। दूसरी तरफ चुनाव समिति भी अपनी तैयारियों में जुटी है। व्यापारियों की सूची तैयार की जा रही है।
मंडी समिति के खाद्यान्न व्यापार मंडल का चुनाव दो सितंबर को होना है। अध्यक्ष पद पर हरीश गुप्ता और मनोज गुप्ता आमने-सामने हैं। दोनों प्रत्याशियों के बीच तनातनी से यह चुनाव प्रतिष्ठा का विषय बन चुका है। दोनों उम्मीदवार एक-एक कारोबारी को अपने पक्ष में करने में जुटे हैं। आलम यह है कि प्रत्याशी और समर्थक एक-एक व्यापारी को ढूंढकर वोट मांग रहे हैं। यही नहीं वोट के लिए धर्म-जाति का भी सहारा लिया जा रहा है। व्यापारी की जाति के समर्थकों को माध्यम बनाकर उसे अपने पाले में खींचने की कवायद में दोनों उम्मीदवार दिन-रात एक किए हैं। वहीं चुनाव समिति द्वारा तैयार की जा रही व्यापारियों की सूची मेें भी दोनों प्रत्याशी अपने-अपने समर्थक व्यापारियों के नाम जुड़वाने में लगे हैं। चुनाव अधिकारी प्रदीप वार्ष्णेय ने बताया कि समिति ने सूची में नाम जुड़वाने के लिए 24 अगस्त तक का समय दिया है। जल्द ही नई सूची जारी की जाएगी। इसी के आधार पर मतदान कराया जाएगा।