मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग में मरीजों की लगी लंबी कतार। संवाद
एटा। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में सोमवार को हार्ट अटैक आने पर एक व्यक्ति और बुखार से पीड़ित एक महिला को लाया गया। जांच के बाद चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
सोमवार को सुबह धुमरी निवासी धर्मेंद्र (38) को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में लाया गया। उनके भाई आलोक चौहान ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे धर्मेंद्र के सीने में दर्द हुआ। इसके बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लाते समय तबीयत ज्यादा बिगड़ने लगी। रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।
मिलिक बन्हेरा निवासी पुष्पा (55) को सुबह 11 बजे मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में लाया गया। देवर शैलेंद्र कुमार ने बताया कि कई दिनों से उन्हें बुखार आ रहा था। सुबह करीब 10 बजे तबीयत ज्यादा बिगड़ गई जिसके बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में लेकर आए। यहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मेडिसिन वार्ड में 300 मरीजों ने वायरल बुखार का कराया उपचार
मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग में सोमवार को कुल 650 मरीजों ने विभिन्न बीमारियों का उपचार लिया। इनमें सर्दी, खांसी, जुकाम और पेट दर्द समेत अन्य बीमारियों के मरीज शामिल रहे। करीब 300 मरीजों ने वायरल बुखार का उपचार लिया। चिकित्सकों ने परीक्षण कर उन्हें दवाएं वितरित कीं। सामान्य वार्ड में करीब 30 गंभीर मरीजों को भर्ती किया गया जहां उन्हें उपचार दिया जा रहा है।