जिले में विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुए हादसों में एक युवक की मौत हो गई। जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना क्षेत्र के गांव भोजपुर निवासी पवन और सुखेंद्र पुत्र श्रीचंद्र बाइक से एटा से गांव वापस लौट रहे थे। दोनों जीटी रोड स्थित सुन्ना नहर पर पहुंचे थे, तभी एक अज्ञात बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस चालक बस को लेकर फरार हो गया और दोनों भाइयों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां से डाक्टरों ने पवन को आगरा रेफर कर दिया। आगरा ले जाते समय रास्ते में पवन की मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे की रिपोर्ट युवक के भाई रवेंद्र ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ थाना पिलुआ में दर्ज कराई गई है। जबकि सुखेंद्र का इलाज चल रहा है। उधर, जीप और बाइक की टक्कर में पटियाली थाना क्षेत्र के गांव नगला डलू निवासी वीरपाल पुत्र मेहताब सिंह घायल हो गया। युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं गंगनपुर निवासी पुनीत पुत्र जगरूप, भूपालपुर निवासी यमुनादास, कांशीराम कालोनी निवासी शीलेंद्र पुत्र रमेश को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।