नकल माफियाआें एवं अनुपस्थित ब्यौरा के फर्जीवाड़े पर अंकुश लगाने को विभाग मोबाइल एप का सहारा लेगा। परीक्षा शुरू होने के तीस मिनट के अंदर केंद्र व्यवस्थापकों को विभागीय सिम से अनुपस्थित परीक्षार्थियों का ब्यौरा बोर्ड को देना होगा। इस संबंध में शनिवार को क्रिश्चियन इंटर कालेज पर केंद्र व्यवस्थापकों को मोबाइल एप को आपरेट करने का प्रशिक्षण दिया गया।
केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक को संबोधित करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार गिरि ने कहा कि बोर्ड उक्त सूचना को जिला प्रशासन एवं जिला विद्यालय निरीक्षक को डायवर्ट कर इसका सत्यापन कराएगा। इतना ही नहीं परीक्षा के बाद केंद्रों से आने वाली सूचनाओं का सत्यापन भी इससे किया जाएगा। कहीं भी हेराफेरी मिलने पर केंद्र व्यवस्थापकों के विरुद्ध कार्रवाई तय है। करीब 200 से अधिक केंद्र व्यवस्थापकों एवं परीक्षा सहायकों को बोर्ड से मास्टर ट्रेनर्स ने उपस्थिति, मोबाइल एप्लीकेशन संबंधी जानकारियां दीं। इस अवसर पर केंद्र व्यवस्थापकों को विभागीय सिम एवं संबंधितों के पासवर्ड व यूजर आईडी आवंटित किए गए। जिला विद्यालय निरीक्षक ने प्रधानाचार्यों को आगाह करते हुए कहा कि यूजर आईडी एवं पासवर्ड को गोपनीय रखें। ताकि कोई अन्य झूठी सूचना न भेज सके।