पुलिस कार्यालय पर सिकायती पत्र देकर लौटते अलीगंज के चोरी की घटना के पीड़ित- संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। शिक्षक और उसके साथी से हुई लूट को पुलिस ने चोरी में दर्शाने के लिए बोल-बोल कर तहरीर लिखाई। इसका विरोध बढ़ता जा रहा है, दोनों पीड़ितों के साथ काफी संख्या में लोग मंगलवार को जिला मुख्यालय पर अधिकारियों से मिलने पहुंचे। आरोप है कि लुटेरों ने दोनों के हाथ पीछे बांधकर मार भी लगाई थी, इसका डॉक्टरी मुआयना भी पुलिस ने कराना उचित नहीं समझा।
थाना अलीगंज क्षेत्र स्थित गांव फर्दपुरा के पास बाइक सवार शिक्षक यशवीर सिंह पुत्र पुत्तू लाल निवासी गांव पेंदापुर थाना बागवाला और साथी रोहन लाल पुत्र शंकर सिंह निवासी गांव भदों थाना कोतवाली देहात को डंडा मारकर लुटेरों ने गिराकर लूटपाट की थी। यशवीर सिंह का आरोप है कि उनसे 12 हजार रुपये, मोबाइल, एटीएम, बाइक मय कागजात और रोहन लाल से पांच हजार रुपये लूट ले गए।
बदमाशों ने दोनों के हाथ पीछे बांधकर मार भी लगाई। जब थाना अलीगंज पहुंचे तो पुलिस ने दी गई तहरीर के आधार पर रिपोर्ट लिखने से इनकार कर दिया। इसके बाद खुद बोल-बोलकर तहरीर लिखाई और चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस को पता है कि लूट हुई है इसके बाद भी चोरी की रिपोर्ट लिखना नाइंसाफी है, इसको लेकर पीड़ितों में रोष है। मंगलवार को पीड़ित जिला मुख्यालय आए और एसएसपी कार्यालय पहुंचे। अधिकारी तहसील दिवस में होने के चलते, पीड़ित तहसील पहुंचे और अलीगंज पुलिस की कार्यशैली के बारे में बताकर शिकायती पत्र दिया गया।