मंडलायुक्त अलीगढ़ चंद्रकांत ने गुरुवार को एटा पहुंच विकास खंड अवागढ़ के वर्ष 2014-15 के चयनित लोहिया गांव खेरिया ताज में राजस्व कार्यों की समीक्षा की। साथ ही समाजवादी पेंशन, लोहिया आवास, जनेश्वर मिश्र योजना आदि का सत्यापन किया। इस दौरान निर्माण कार्यों, सर्व शिक्षा अभियान, गांव में पेयजल योजना, सीसी, केसी ड्रेन, आदर्श तालाब आदि का भी निरीक्षण किया।
इस मौके पर प्राथमिक स्कूल में आयोजित चौपाल में मंडलायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं से प्रत्येक पात्र व्यक्ति को लाभान्वित किया जाए, किसी भी अपात्र का नाम सूची में शामिल न किया जाए। गांव में साफ, सफाई और अन्य अव्यवस्थाएं मिलने पर नाराजगी जताई। साथ ही लोहिया गांव में हो रहे कार्यों में लापरवाही मिलने पर ग्राम सचिव को फटकार लगाकर डीपीआरओ को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त चंद्रकांत ने गुरुवार दोपहर अवागढ़ ब्लॉक के लोहिया ग्राम खेरिया ताज में पहुंचकर पैदल ही 1990 की आबादी वाले गांव का भ्रमण करते हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को परखा, जहां साफ सफाई न मिलने पर नाराजगी जताते हुए सफाई व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए।
चौपाल को संबोधित करते हुए मंडलायुक्त ने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि लोहिया गांव के संपर्क मार्ग के दोनों ओर पटरी की स्थिति ठीक नहीं है, शीघ्र ठीक कराई जाए। मंडलायुक्त ने अभिशासी अभियंता ग्रामीण से पूछा, गांव में विद्युत पोल उचित स्थान पर क्यों नहीं लगाए गए, जगह-जगह पर अवैध कनेक्शन क्यों दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि इन समस्याओं को तत्काल दूर करें। बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।
उन्होंने शौचालय, आवास रजिस्टर आदि भी देखा। शौचालयों पर बोर्ड नहीं लगे मिलने पर नाराजगी जताते हुए डीपीआरओ सुनील कुमार पांडेय को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। ग्रामीणों की शिकायत पर एसडीएम जलेसर को निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण करें, केंद्र समय से संचालित हो रहा है या नहीं, खाद्य सामग्री सभी को उपलब्ध कराई जा रही है या नहीं। इसे देखें। इस मौके पर प्रभारी जिलाधिकारी साहब सिंह, एडीएम प्रशासन लालमणि मिश्रा, डीडीओ राधेश्याम, पीडी केके वैश्य, एसडीएम अजीत कुमार सिंह व अन्य अधिकारी मौजूद थे।
लोहिया गांव के लिए बनी कार्ययोजना
जिले में चालू वित्तीय वर्ष के चयनित लोहिया गांवों के लिए संबंधित विभागों ने कार्य योजना बना ली है। अब इन उक्त लोहिया गांवों में भी करीब दो हजार लाख से विकास कार्य होंगे। संबंधित विभागों ने नोडल अधिकारी राधेश्याम को बुधवार को यह कार्य योजना सौंप दी है। अब इसे शासन को स्वीकृति केे लिए भेजा जाएगा। बता दें कि जिले में अब तक लोहिया गांवों की संख्या 84 हो गई है। इसके इतर बजट के अभाव में पहले के चयनित लोहिया गांवों में भी विकास कार्य रुके पड़े हैं।
प्रशासन ने जिले से इस वर्ष के लिए 28 गांवों की सूची भेजी थी, इसमें से शासन ने 24 लोहिया गांवों को हरी झंडी दिखा दी है। शासन से लोहिया गांवों में हो रही देरी के चलते प्रशासन ने 28 गांवों की कार्य योजना बनाकर तैयार कर ली थी। बता दें कि दो तीन दिन पहले ही शासन से लोहिया गांवों को हरी झंडी मिली थी, इसके बाद बुधवार तक विभागों ने कार्य योजना नोडल अधिकारी को सौंप दी है। बजट के अभाव में पूर्व में चयनित लोहिया गांवों में विकास कार्य गति नहीं पकड़ पाए हैं। ऐसे में योजना के तहत लगातार चयनित हो रहे लोहिया गांवों में विकास कार्य तेज गति से होने पर लोगों में संशय है। गत वर्ष दो वित्तीय वर्षों में आंगनबाड़ी केंद्र से लेकर सीसी मार्ग के कार्य बजट के अभाव में अधूरे पड़े हैं।
विभागों से कार्य योजना मिल चुकी है। जिसे जल्द ही स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जाएगा।
- राधेश्याम, जिला विकास अधिकारी
धीमी गति से चल रहा आधार लिंक का कार्य
मंडलायुक्त गुरुवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित राष्ट्रीय निर्वाचक नामावली परिशोधन एवं प्रमाणीकरण कार्यक्रम एवं पुनरीक्षण कार्य के तहत राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजनैतिक पार्टियों से पुनरीक्षण कार्य में सहयोग की आवश्यकता है। सभी पार्टियों द्वारा अपने बीएलओ की नियुक्ति की जाए, जिससे भविष्य में कोई समस्या न हो। वोटर लिस्ट आदि में जो भी कमियां हैं उन्हें दूर किया जाए। सुपरवाइजरों द्वारा नियमित रूप से बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण करें। देखें कि पुनरीक्षण कार्य ठीक से चल रहा है या नहीं। बताया गया कि जिले में कुल 1210278 मतदाता हैं, जिसमें से 25 मई तक विधानसभा एटा के 11700, अलीगंज के 4110, मारहरा के 8808, जलेसर के 23766 सहित कुल 48384 मतदाताओं के आधार कार्ड लिंक होने के लिए मिले हैं। 14 जून और 19 जुलाई को विशेष कैंप का आयोजन भी किया जाएगा।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह यादव, प्रभारी जिलाधिकारी/सीडीओ साहब सिंह, एडीएम प्रशासन लालमणि मिश्रा, एडीएम वित्त एवं राजस्व राजेंद्र कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे।