एटा। लॉकडाउन के लगभग दो माह बाद जब बुधवार को बाजार खुले तो रौनक देते ही बनी। दुकानदारों के मास्क में छिपे चेहरों पर खुशी झलक रही थी। वहीं, ग्राहक भी संतुष्टि भरे भाव में नजर आए। सर्वाधिक भीड़ मोबाइल और रिपयेरिंग सहित इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों पर देखने को मिली। वहीं, फुटवियर सहित रेडीमेड गारमेंट्स की दुकानों पर भीड़ नजर आई।
किराना की दुकानें जो अब तक ग्राहकों से घिरी नजर आतीं थीं, उन पर इक्का-दुक्का ही ग्राहक नजर आए। वहीं, सैनिक पड़ाव में लगने वाली मंडी भी धूप के चलते दस बजे खत्म हो गई। इस दौरान लोग सभी नियम कानून भूल गए। लोगों सामाजिक दूरी का पालन नहीं किया। वहीं कई लोग मास्क भी नहीं लगाए थे।
जिला प्रशासन ने बुधवार से बाजार को सुबह सात से दोपहर दो बजे तक खोलने की इजाजत दी है। इसके तहत बाजार में सुबह सात बजे ही दुकानों के शटर उठना शुरू हो गए। आम दिनों में दस बजे खुलने वाला बाजार सुबह सात बजे ही खुल गया। पहले दिन अधिकतर दुकानदार दुकानों में साफ-सफाई सहित माल के नुकसान का आकलन करने में जुटे रहे। वहीं दो बजे तक दुकानों के शटर गिर गए।
बाबूगंज में लोगों ने खरीदे कपड़े
रेडीमेड के बाजार बाबूगंज में महिलाओं की खरीदारी को भीड़ दिखी। यहां बच्चों को लाने पर रोक के बावजूद महिलाएं बच्चों के कपड़े खरीदने के लिए उन्हें साथ लाईं। यहां पुरुषों की जींस, शर्ट और टी-शर्ट की बिक्री न होने से हालांकि दुकानदार मायूस नजर आए।
फुटवियर और मोबाइल की दुकानों पर रही भीड़
जीटी रोड और गांधी मार्केट मूल रूप से फुटवियर का मार्केट है। यहां काफी भीड़ रही। लोगों ने खूब खरीदारी की। वहीं, मोबाइल की दुकानों पर सर्वाधिक भीड़ नजर आई। जीटी रोड पर कोतवाली के सामने स्थित मार्केट में सुबह के वक्त पैर रखने तक की जगह नहीं थी।लोगों ने मोबाइल स्क्रीन, बैटरी और चार्जर आदि सही करवाये और खरीदारी भी की।
कॉस्मेटिक्स भी जमकर बिक्री
दो माह में महिलाओं का घर में रखा शृंगार का सामान बिंदी, लिपस्टिक, जूड़ा, पाउडर, क्रीम, हेयररिंग सहित सामान खत्म हो गया। दुकान खुलते ही महिलाएं इन सामान की खरीदारी करने निकल आईं। उन्हें आशंका रही कि कभी भी बाजार बंद हो सकता है, ऐसे में उन्होंने आगामी कई दिनों तक के सामान की खरीदारी की।
बर्तन और सर्राफा बाजार में ग्राहक नदारद
बर्तन बाजार खुल तो पूरा गया पर यहां ग्राहक नदारद दिखे। एक दुकानदार ने बताया कि सहालग के सीजन में व्यापारियों ने अधिकतर माल अंदर ही अंदर बेच दिया। अब तो खाली दुकानें लेकर बैठे हैं। बाहर से माल आएगा तो बिकेगा। वहीं घंटाघर स्थित सर्राफा बाजार में अधिकांश सराफ खाली बैठे नजर आए। बाजार खुलने पर संतोष के भाव थे, पर सहालग और अक्षय तृतीया का सीजन पिटने से मायूस दिखे, बोले ईद पर ज्वैलरी की ज्यादा खरीद नहीं होती, देहात के ग्राहकों को देखते हुए बाजार का समय बढ़ना चाहिए। वहीं, सिलाई और धुलाई की दुकानें भी खुलीं पर सन्नाटा पसरा रहा।
सूखा मिष्ठान्न बनाया
हलवाइयों और मिष्ठान्न विक्रेताओं ने अपनी दुकानें तो खोलीं पर सूखी मिठाई ही बनाई। इनमें बेसन के लड्डू, सोन पापड़ी जैसी मिठाई ही काउंटर पर सजी दिखीं। वहीं ग्राहक भी यहां ज्यादा नहीं दिखे।
गाड़ी प्रवेश करने पर डीएम ने रोका
शिकोहाबाद चौराहा पर खड़े डीएम सुखलाल भारती और एसएसपी सुनील कुमार सिंह ने बिना मास्क लगाए जा रहे लोगों को टोकते हुए उन्हें मास्क वितरित किए, वहीं एक डीसीएम बांसमंडी में प्रवेश कर जाने पर व्यापारी नेता अतुल राठी के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई।
सरकार की गाइडलाइन का पालन करें सभी
सुबह सात से दोपहर दो बजे तक बाजार खोलने की अनुमति दी गई है। इस दौरान दुकानदार और ग्राहक सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क और सैनिटाइजर का प्रयोग करें। नियमों का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। -सुखलाल भारती, जिलाधिकारी
रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी
बाजार खोलने के लिए गाइडलाइन जारी की गई है। सभी उसका पालन करें। चौपहिया वाहन में दो और बाइक पर एक से ज्यादा चलने पर चालान काटा जाएगा। व्यापारी भी कार्रवाई से बचने के लिए नियमों का पालन करें।
-सुनील कुमार सिंह, एसएसपी