एटा। बिजली उपभोक्ताओं की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रहीं हैं। विद्युत निगम का अधिशासी अभियंता (परीक्षण) कार्यालय पिछले करीब डेढ़ साल से पूरी तरह बंद पड़ा है। इसके चलते मीटर से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए आने वाले उपभोक्ताओं को हर दिन बैरंग लौटना पड़ रहा है। कार्यालय में बाबू तो दूर पानी पिलाने के लिए एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी तक तैनात नहीं है।
हालात यह हैं कि अधिशासी अभियंता मनोज कुमार को मजबूरन मीटर लैब में बैठकर काम चलाना पड़ रहा है। कर्मचारियों के अभाव में नेट मीटरिंग की शिकायतें, लेखा कार्य और उच्चाधिकारियों को भेजी जाने वाली जरूरी सूचनाएं तक लंबित पड़ी हैं। कार्यालय की व्यवस्था बहाल कराने के लिए वह मुख्य अभियंता संदीप सिंह और अधीक्षण अभियंता सुभाष चंद्र को कई बार प्रार्थना पत्र दे चुके हैं, लेकिन अब तक समस्या का निस्तारण नहीं हुआ है। इसकी वजह से वर्तमान में कार्यालय में ताला लटका हुआ है। इतना ही नहीं आईजीआरएस पोर्टल पर मीटर से संबंधित कई शिकायतों को निस्तारण तक नहीं हुआ है। संवाद