जलेसर/ एटा। विद्युत निगम के कर्मचारी आए दिन किसी न किसी वजह से सुर्खियों में रह रहे हैं। अब जलेसर के एक विद्युत उपकेंद्र का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें उपकेंद्र पर एक कर्मचारी बीयर पी रहा है। मेज पर नमकीन का पैकेट रखा है। कार्यालय में अन्य लोग भी बैठे दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद अधिशासी अभियंता ने अधीक्षण अभियंता को कार्रवाई के लिए पत्र लिखा है।
शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। वायरल वीडियो जलेसर के आईटीआई विद्युत उपकेंद्र का बताया जा रहा है। वीडियो में विद्युत उपकेंद्र पर एक व्यक्ति बैठा साफ दिखाई दे रहा है। सामने मेज पर बीयर की एक केन रखी है। इसके साथ ही नमकीन का पैकेट भी रखा है। बताया जा रहा है कि वहां अन्य व्यक्ति भी मौजूद था। वह वीडियो में नहीं आ रहा है। वीडियो में जो व्यक्ति कुर्सी पर बैठा दिख रहा, वह एसएसओ के पद पर कार्यरत बताया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद उपकेंद्र पर शुक्रवार को अफरा तफरी का माहौल रहा।
अधिशासी अभियंता द्वितीय एपी सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो एसएसओ का है। कार्रवाई को लेकर अधीक्षण अभियंता को पत्राचार किया गया है।