उत्तर प्रदेश के एटा में रविवार की सुबह करीब आठ बजे बिजली के खंभे पर चढ़कर काम कर रहे लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई। उपभोक्ताओं के बिल जमा नहीं होने पर बिजली काट दी गई थी। उसे दोबारा जोड़ने के लिए खंभे पर चढ़ा था। घटना से घर में चीख-पुकार मच गई।
हाइटेंशन लाइन के तार से लगा करंट
हादसा कोतवाली देहात क्षेत्र के बावसा गांव के पास हुआ। यहां स्थित एक मोबाइल टॉवर की विद्युत सप्लाई जोड़ने के लिए गए लाइनमैन यशवीर सिंह (25) निवासी नगला पोखर थाना निधौली कलां की मौत हुई है। बताया गया है कि जिस विद्युत खंभे पर कार्य करने के लिए शटडाउन लिया गया था, उसी के बराबर से हाइटेंशन लाइन गुजर रही थी। इससे करंट लगने से लाइनमैन हादसे का शिकार हो गया।
बिना शटडाउन खंभे पर चढ़ा था
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि मोबाइल टावर का बिल जमा नहीं होने के चलते पिछले कई दिन पहले विद्युत सप्लाई काट दी गई थी। बिल जमा होने पर सप्लाई चालू करने के लिए लाइनमैन को भेजा गया था। इस दौरान उसने हाइटेंशन लाइन का शटडाउन नहीं लिया। इसकी वजह से हादसा हो गया। थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजन को सौंप दिया है। मामले की जांच की जा रही है।