एटा मेडिकल काॅलेज में मरीजों को लेकर जा रही लिफ्ट अचानक से रुक गई। इससे मरीजों में चीखपुकार मच गई। 20 मिनट तक मरीज लिफ्ट में फंसे रहे। परिजनों को फोन करने पर मदद पहुंच सकी।
एटा मेडिकल कॉलेज में छठवीं मंजिल तक जाने के लिए चार लिफ्ट लगाई गई हैं। लिफ्ट की मरम्मत नहीं होने की वजह से कभी कभार यह रुक जाती हैं। इससे मरीज व तीमारदारों को दिक्कत का सामना करना पड़ता है। वहीं बुधवार को भी लिफ्ट बंद होने से 20 मिनट तक मरीज इसमें फंसे रहे जिससे वहां चीखपुकार मच गई।
विज्ञापन
मेडिकल कॉलेज में बुधवार की दोपहर करीब 12 बजे लिफ्ट में 5 से 6 मरीज व तीमारदार पांचवें तल से धरातल पर आ रहे थे। इसी दौरान दूसरे तल पर लिफ्ट रुक गई। इससे लिफ्ट में मौजूद लोग घबरा गए। लिफ्ट में लगे इमरजेंसी नंबर पर कॉल भी की गई लेकिन कॉल नहीं लग सकी। थोड़ी ही देर बाद लोगों में चीखपुकार मच गई। लिफ्ट में मौजूद एक व्यक्ति ने अपने ही परिजन को लिफ्ट में बंद होने की सूचना दी गई।
इसके बाद सिक्योरिटी गार्ड तक सूचना पहुंचाई गई। प्रथम तल पर सिक्योरिटी गार्ड ने कड़ी मशक्कत से लिफ्ट को खोला। इसके बाद फंसे लोगों को बाहर निकाला। सीएमएस डॉ. सुरेश चंद्रा ने बताया कि अचानक विद्युत आपूर्ति बंद होने की वजह से लिफ्ट बंद हो गई। लिफ्ट में फंसे लोगों को निकाल लिया गया।