कलक्ट्रेट परिसर से मंगलवार को मतदान जागरूकता रैली निकाली गई। जिलाधिकारी शंभूनाथ ने इसे झंडी दिखाकर रवाना किया। छात्र-छात्राओं ने इस दौरान लोगों से हर हाल में मतदान करने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी के नेतृत्व में निकली रैली में जिला मुख्यालय के डेढ़ दर्जन विद्यालयों के एक हजार से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल रहे। कड़ाके की ठंड के बावजूद भी बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
हाथों में जागरूकता नारे लिखी पट्टियां लिए ये विद्यार्थी कलक्ट्रेट चौराहा, गांधी मार्केट, जीटी रोड, ठंडी सड़क होते हुए मेहता पार्क पहुंचे। बच्चों के साथ जिलाधिकारी सहित दर्जनभर अधिकारी भी पैदल चल रहे थे। इसमें अपर जिलाधिकारी वित्त महेश चंद्र शर्मा, उप जिलाधिकारी रवि प्रकाश श्रीवास्तव, पुलिस उपाधीक्षक, नोडल अधिकारी मनोज कुमार गिरि, डीआईओएस एसपी यादव, बीएसए आरके वर्मा, उप प्राचार्य सुनील कुमार, एडीआईओएस आरएस वर्मा, प्रधानाचार्य डॉ ज्ञानेंद्र कुदेशिया, डॉ विनीता तिवारी, डॉ राकेश यादव, सतीश यादव आदि मौजूद रहे।