एटा। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में छत से गिरकर एक महिला की मौत हो गई। परिजन शव का पोस्टमार्टम कराए बिना ही शव को घर ले गए। वहीं कोतवाली देहात के नगला इमलिया में छत पर कपड़े डालते समय 7 वर्षीय बालिका नीचे आ गिरी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसको आगरा रेफर कर दिया गया।
कोतवाली नगर के पीपल अड्डा निवासी रीना (40) बुधवार की देर रात को छत पर लघुशंका के लिए उठी। अंधेरा अधिक होने की वजह से किनारे पर आकर पैर फिसल गया। जिससे वह छत से नीचे आ गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसको लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। वहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। कोतवाली देहात के नगला इमलिया में 7 वर्षीय निधि बृहस्पतिवार की दोपहर लगभग 1.30 बजे छत पर कपड़े डाल रही थी। तभी पैर फिसल गया और वह आंगन आकर गिरी। जिससे गंभीर रूप से घायल हो गई। पिता सुरेंद्र कुमार उसको लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे आगरा रेफर कर दिया गया।