नगर की लक्ष्मी टॉकीज के पीछे स्थित दवा की दुकान में शनिवार की देर रात आग लग गई। इससे लाखों रुपये की दवाएं जल गईं। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। दुकानदार के मुताबिक करीब 36 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
दुर्गा कालोनी निवासी नरेश चंद्र की लक्ष्मी टाकीज के पीछे थोक दवा की दुकान है। शनिवार की रात करीब 10 बजे वे रोजाना की तरह दुकान बंद करके घर गए थे। आधी रात के समय आसपास के लोगों को कुछ जलने की गंध महसूस हुई। बाहर निकलने पर दवा की दुकान से धुएं का गुबार निकलता दिखा। दुकान में आग लगने की आशंका पर पड़ोसी राजपाल सिंह इसकी सूचना देने नरेंद्र चंद्र के घर गए। आग लगने की खबर लगते ही वे भागकर आए। दुकान का ताला खोलकर देखा तो आग की लपटें उठ रहीं थीं। इससे हड़कंप मच गया। लोगों ने सबमर्सिबल पंप चलाकर आग को बुझानी शुरू की। दमकल को भी सूचना दी गई। मोहल्ले के लोगों के साथ दमकलकर्मी काफी देर तक आग बुझाने में जुटे रहे। दुकानदार के मुताबिक आग से दुकान की सारी दवाएं जल गई हैं। करीब 36 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।