नगरपालिका परिषद द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों पर उंगलियां उठ रही हैं। रविवार को कृष्णा नगर स्थित नाला निर्माण के दौरान दो लोगों ने जमीन पर अपना हक जताते हुए कार्य रुकवा दिया, वहीं पालिका उस जगह को अपना बता रही है। मौके पर एसडीएम व ईओ पहुंच गए। एसडीएम ने दोनों पक्षों से भू-अभिलेख मांगे हैं। फिलहाल काम को रुकवा दिया गया है। दूसरी ओर नालाें का निर्माण मानकों के अनुरूप न होने पर पालिका प्रशासन ने छह ठेकेदारों को नोटिस जारी किए हैं।
बता दें कि शहर में नाला निर्माण का कार्य चल रहा है। मोहल्ला कृष्णा नगर में एक तालाब है, उसी तालाब की कुछ जगह से नाला निर्माण होना है। रविवार की सुबह जब नाला निर्माण का कार्य कराने ठेकेदार पहुंचे तो उक्त जगह पर वहीं के दो लोगों ने अपना हक जताते हुए काम नहीं होने दिया। नाला निर्माण का विरोध करते हुए जमीन पर हक जताने लगे। पालिका कर्मी उक्त जगह को अपनी बता रहे थे। मामला बढ़ता देख जानकारी पर एसडीएम सदर अजीत कुमार सिंह, ईओ पवन कुमार पहुंच गए। एसडीएम सदर ने पालिका व जमीन पर हक जता रहे दोनाें लोगों से कागज मांगे। दोनों ही कागज नहीं दे पाए। एसडीएम ने सोमवार को दोनों पक्षों से जमीन के कागज लाने की बात कही है। तब तक के लिए काम रुकवा दिया है। अधिशासी अधिकारी पवन कुमार का कहना है कि बाबू से जमीन के कागज मांगे गए हैं। इसके पता चल सकेगा कि आखिर जमीन किसकी है।
छह ठेकेदारों को नोटिस
शहर में नाला निर्माण को लेकर किस कदर ठेकेदार घटिया सामग्री का प्रयोग कर रहे हैं इसका खुलासा ईओ के निरीक्षण में मिली खामियां अपने-आप बयां कर रही हैं। रविवार को ईओ पवन कुमार ने कचहरी रोड, सकीट रोड, सहावर रोड, जेल रोड आदि जगहों का निरीक्षण किया। मानक के अनुसार नाला निर्माण कार्य नहीं हो रहा था। ईओ ने छह ठेकेदारों को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा है।
नाली निर्माण में पीली ईंटें देख भड़के लोग पालिका परिषद द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों में मानकों की अनदेखी की जा रही है। रविवार को नाली निर्माण में पीली ईंटों का प्रयोग होते देख लोग भड़क गए और पहुंचे सभासद का विरोध कर हंगामा किया और काम को रुकवा दिया। पालिका परिषद द्वारा मौजूदा समय में वार्ड नंबर पांच के अंतर्गत शनिदेव एवं नागेश्वर मंदिर के साथ-साथ टीचर कालोनी में बन रही सड़क के सहारे नाली निर्माण कराया जा रहा है। मानक के अनुरूर्प इंटों का प्रयोग न करके पीर्ला इंटों को लगाया जा रहा है।
वार्ड के लोगों की शिकायत पर पहुंचे सभासद का लोगों ने विरोध किया। गलत सामग्री के प्रयोग को लेकर नारेबाजी की। सभासद ने तत्काल अन्य सभासदों को भी बुला लिया और संबंधित ठेकेदार को मौके पर आने को कहा, लेकिन वह नहीं पहुंचा। सभासदों व लोगों ने चेतावनी दी है कि मानक के अनुरूप सामग्री नहीं लगी तो काम को नहीं होने देंगे। सभासद संघ के अध्यक्ष मुकेश भाटिया ने बताया कि जो गलत कार्य हो रहे हैं उसकी शिकायत 20 जनवरी को डीएम की अध्यक्षता में होने वाले तहसील दिवस में की जाएगी। इस मौके पर शैलेंद्र सिंह सुमन, शहजाद कुरैशी, राजकुमार निराला, आशा सिंह, अशोक मुनीम, फूल सिंह रावल आदि मौजूद थे।