बैट्री की दुकान में चोरी होने के बाद मौके पर जानकारी करती पुलिस ।संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। जीटी रोड स्थित जेएलएन कॉलेज के सामने स्थित बैटरी-इनवर्टर की दुकान का शटर तोड़कर चोर शुक्रवार रात लाखों रुपये के सामान की चोरी कर ले गए। वारदात के दौरान चोर सीसीटीवी कैमरा तोड़ गए और डीवीआर भी साथ ले गए। शनिवार सुबह दुकान खोलने पर दुकान स्वामी को घटना की जानकारी हो सकी। पीड़ित दुकानदार ने तहरीर दी है।
सहावर रोड पीपल अड्डा निवासी सौरभ गुप्ता की कोतवाली नगर जीटी रोड स्थित जेएलएन डिग्री कॉलेज के सामने न्यू गुप्ता बैटरी के नाम दुकान है। शुक्रवार देररात चोरों ने शटर तोड़कर दुकान में प्रवेश कर लिया। इसके बाद चोर दुकान से 40 इनवर्टर, 40 बैटरियां और 15 सोलर पैनल चोरी कर ले गए।
वारदात को अंजाम देने से पहले चोरों ने दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़ दिया। चोर जाते समय डीवीआर भी अपने साथ ले गए। शनिवार सुबह दुकान खोलने पर सौरभ को घटना की जानकारी हो सकी।
सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया है कि दुकान का स्टॉक चैक किया गया है। इसमें बैटरियों की आमद नहीं है। इसके बावजूद तहरीर के आधार पर 40 बैटरियां और इनवर्टर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।