एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र में एक सप्ताह पहले लेडीज गैंग ने ई-रिक्शा में सवार एक महिला के बैग से पर्स चोरी कर लिया। इसमें जेवरात और नकदी थी। चोरी की वारदात के बाद रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए महिला चक्कर काटती रही। एक सप्ताह बाद मुकदमा दर्ज किया गया है।
जिला व थाना मैनपुरी क्षेत्र के गांव ललूपुरा निवासी अनुपमा देवी मिश्रा ने रविवार को लिखाई रिपोर्ट में कहा कि 27 अक्तूबर को जयपुर से एटा बस स्टैंड पर पहुंची थी। यहां से होकर अलीगंज तिराहे तक जाने के लिए ई-रिक्शा में सवार हुई। यहां से मायके मलावन जाना था। ई-रिक्शा में बस स्टैंड से ही 6 अन्य महिलाएं बैठ गईं जो रामलीला मैदान के पास उतर गईं। जब मैं उतरी तो रुपये देने के लिए बैग में रखा पर्स निकाला जो गायब था। बताया कि साथ में बैठकर गईं महिलाओं ने ही पर्स चोरी किया है। इसमें 5 सोने अंगूठी, मंगलसूत्र एक जोड़ी सोने की झुमकी और नकदी रखी थी। इसकी कीमत करीब 2 लाख रुपये है।
पीड़िता की मां सावित्री देवी निवासी मलावन ने बताया कि बेटी 27 अक्तूबर की देर शाम घर पहुंची। 28 अक्तूबर को ही रिपोर्ट लिखने के लिए कोतवाली नगर में तहरीर दी, लेकिन पुलिस टालती रही। बेटी के साथ रोज कोतवाली पर जाती थी और शाम को लौटकर आती थी। शनिवार को पुलिस के एक अधिकारी कोतवाली पर आए और उन्होंने बैठा देखा तो समस्या पूछी। इसके बाद रिपोर्ट दर्ज हो सकी है। एएसपी धनंजय सिंह कुशवाहा ने बताया कि महिला की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। देरी किस बात को लेकर हुई पूछताछ की जाएगी। बस स्टैंड से लेकर रामलीला मैदान तक के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरी करने वाली महिलाओं को पकड़ा जाएगा।