जन्माष्टमी के लिए बाजार में खरीदारी करती महिलाएं ।संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व शुक्रवार को मनाया जाएगा। इसको लेकर बृहस्पतिवार को दिनभर बाजारों में जमकर खरीदारी की गई। लड्डू गोपाल के लिए 20 से 500 रुपये तक के मुकुट तो 10 से 1000 रुपये तक के हार पसंद किए गए। इसके अलावा कई लोगों ने चांदी के मुकुट और सोने के हार भी खरीदे। जिनमें शुक्रवार को लड्डू गोपाल निखरेंगे।
बृहस्पतिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर महिलाओं व युवतियों में खासा उत्साह देखा गया। पूरे दिन बाजार में भगवान श्रीकृष्ण की पोशाक, मुकुट समेत अन्य शृंगार का सामान, पालना आदि खरीदे गए। शहर के घंटाघर, बाबूगंज, हाथी गेट आदि बाजारों में सबसे ज्यादा भीड़ रही। इसके अलावा पंचामृत, पंजीरी और मेवा की कतली बनाने के लिए भी सामान खरीदा गया।
सराफा की दुकान पर बिक रहे चांदी के मुकुट
बाजार में सराफा की दुकान पर चांदी व सोने के गहने की बनावट में कन्हैया के शृंगार का सामान भी खूब बिक रहा है। चांदी का मुकुट पांच सौ रुपये से लेकर 10 हजार रुपये तक का बिक रहा है। वहीं सोने का हार पचास हजार रुपये तक का उपलब्ध है।
मेवा-बादाम पर 20 फीसदी की महंगाई
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर कन्हैया को भोग लगाने के लिए लोग अपने घरों में मेवा के पकवान बनाने की तैयारी कर रहे हैं। इस बार बाजार में मेवा की कीमतों पर 20 फीसदी महंगाई का असर है। बाजार में काजू एक हजार रुपये प्रति किलो तो बादाम 800 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक रहा है।