जलेसर (एटा)। कोरोना वायरस के चलते चीन सरकार की आपत्ति के कारण चीन के वुहान शहर में फंसे भारतीयों को वापस भारत लाने के लिए दिल्ली में मौजूद विमान चीन के लिए उड़ान नहीं भर सका। इससे चीन में फंसे जलेसर के दंपती आशीष और नेहा के साथ उनके परिजन परेशान हैं। चीन की सरकार ने विमान की लैंडिंग की अनुमति नहीं दी।
युवा दंपती आशीष यादव और नेहा यादव ने ‘अमर उजाला’ को फोन पर बताया कि वह तमाम प्रयासों के बावजूद भी वुहान शहर से नहीं निकल पा रहे हैं। मौजूदा समय में वुहान शहर की स्थिति भयावह है। कर्फ्यू जैसे हालात हैं। लोग घरों में कैद हैं और बाजार सुनसान पड़े हैं। हालत यह हैं कि खाने-पीने तक की वस्तुओं का अभाव है।
युवा दंपती को भारत लाने के लिए राज्यसभा सांसद हरनाथ सिंह, आगरा के सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल, राज्यसभा सांसद प्रो. रामगोपाल सिंह, एटा सांसद राजवीर सिंह राजू भइया सहित आयकर विभाग के प्रिंसिपल कमिश्नर रवीन्द्र सिंह रावल आईआरएस, ग्लोबल फाउंडेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष अतुल जैन, सचिव दिलीप भारद्वाज सहित अन्य ने भारत सरकार से शीघ्र युवा दंपती को भारत वापस बुलाए जाने को लेकर मुलाकात के साथ पत्र भी लिखा है। इस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं विदेश विभाग के प्रयासों के चलते 19 फरवरी को चीन में फंसे भारतीयों को वापस लाने की स्वीकृति मिल गई थी। लेकिन हवाई जहाज की लैंडिंग के लिए चीन सरकार द्वारा अनुमति नहीं देने से वह लोग वापस नहीं लौट पा रहे हैं।