एटा जिले में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को दी जाने वाली धनराशि के लिए फीडिंग अभी भी जारी है। जिलेभर में अभी तक 1.90 लाख किसानों का ही डाटा फीड हो पाया है। करीब एक लाख किसानों की फीडिंग बाकी है। आचार संहिता लगते ही इन किसानों को मिलने वाली सम्मान निधि की पहली किस्त लटक सकती है।
किसान सम्मान निधि योजना की पहली किस्त से वंचित किसानों की बेचैनी बढ़ी हुई है। आचार संहिता लगते ही सम्मान निधि के लिए की जा रही डाटा फीडिंग का कार्य रोक दिया जाएगा। इसके बाद जो भी किसान शेष रह जाएंगे उनको दो हार रुपये के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।
हालांकि अब तक जिले के 1.90 लाख किसानों का ब्योरा पोर्टल पर अपलोड हो चुका है। बावजूद इसके अभी भी एक लाख के करीब जिले के किसान शेष रह जाते हैं जिनका डाटा फीड नहीं हो पाया है। प्रशासन अधिक से अधिक किसानों का डाटा फीडिंग कराने का प्रयास कर रहा है।
उप कृषि निदेशक विजय शंकर ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में किसानों का डाटा आचार संहिता लगने तक ही किया जाएगा। अब तक जिले के 1.90 किसानों का डाटा फीड किया जा चुका है। शेष बचे किसानों का डाटा नई सरकार बनने के बाद आने वाले दिशा निर्देशों के आधार पर निर्भर करता है।