एटा। थाना जसरथपुर क्षेत्र के गांव दहेलिया पूठ में बुधवार की दोपहर घर में घुसकर अरविंद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले की रिपोर्ट देर रात मृतक के भाई की ओर से तहरीर देकर गांव के ही चार लोगों के खिलाफ दर्ज कराई गई है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
गांव दहेलिया पूठ निवासी अरविंद उर्फ छोटू पुत्र राजकपूर के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई अनुज शर्मा का आरोप है कि बुधवार की दोपहर करीब 3.30 बजे गांव के ही प्रेम सिंह पुत्र पोखपाल, जितेंद्र पुत्र प्रेम सिंह, रज्जन पुत्र राज बहादुर और हिमांशु पुत्र दिनेश चंद्र शर्मा अपने हाथों में अवैध हथियार लेकर घर में घुस आए और अरविंद के सिर में गोली मार दी। गोली लगने से भाई की मौके पर ही मौत हो गई।
वह और भाई अरुण बचाने के लिए पहुंचा तो हम लोगों पर भी हत्या करने के इरादे से फायरिंग की गई। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ बुधवार की देर रात मुकदमा दर्ज कर लिया। थानाध्यक्ष जयपाल सिंह मलिक ने बताया है कि मुकदमा दर्ज करने के बाद एक आरोपी रज्जन पाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने जमीन का विवाद बताया है। एक आरोपी जितेंद्र पहले से ही एक मामले में नामजद है। फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही हैं, उनको भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।