मिरहची/एटा। थाना मिरहची क्षेत्र के एक गांव की किशोरी का तांत्रिक के सहयोग से 12 मार्च की दोपहर फिरोजाबाद के लोग अपहरण कर ले गए। तांत्रिक सहित पांच के खिलाफ किशोरी के पिता ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस तांत्रिक व अन्य आरोपियों की तलाश और किशोरी की बरामदगी के प्रयास में जुट गई है। किशोरी के पिता ने बताया कि जून 2022 मेंं गांव में भागवत कथा का आयोजन किया गया था। इसमें तांत्रित गजराज सिंह और उसका पुत्र बिट्टू आया था। तब घर पर संतों संग कथावाचकों का भी भोजन था। इस दौरान तांत्रिक और बिट्टू की नजर 17 वर्षीय बेटी पर पड़ी थी। इसके बाद बेटी पर तंत्र विद्या का प्रयोग किया।
इसी तंत्र विद्या के बल से बेटी को 12 मार्च को कस्बा मिरहची बुलाया। तब बेटी बाजार जाने की बात कहकर घर से गई थी। दोपहर में मेरे साले सर्वेश कुमार ने इन दोनों और एक महिला सहित पांच लोगों को बेटी से बात करते देखा तो डांटा और पूछा। बेटी ने परिचित बताए और इनके बारे में पूरी जानकारी दी। बताया कि भागवत कथा करने आए थे तब मुलाकात हुई थी।
आरोप है कि तांत्रिक के सहयोग से बेटी का अपहरण कर लिया गया। गजराज सिंह तांत्रिक है और इसका बेटा बिट्टू भी साथ में रहकर तंत्र विद्या सीख रहा है। यह दोनों गांव रामपुर थाना एका जिला फिरोजाबाद के रहने वाले हैं। बेटी घर से 18400 रुपये, झुमकी और सोने की चेन भी साथ ले गई है।
थाना प्रभारी छत्तर पाल सिंह ने बताया कि किशोरी को ले जाने वाले लोग कथावाचक के साथ वाद्य यंत्र बजाते हैं। आरोपी तांत्रिक बताया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और तलाश की जा रही है।