एटा। थाना बागवाला क्षेत्र के गांव खेरी जलालपुर निवासी खुशीराम ने 17 जुलाई की रात तमंचे से कनपटी पर गोली मारकर खुदकुशी की थी। शनिवार को पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तमंचा और कारतूस का खोखा बरामद कर खुलासा कर दिया। वहीं परिजन हत्या की बात कह रहे थे।एसएसपी राजेश कुमार सिंह ने पुलिस लाइन में बताया कि खुशीराम स्वभाव से चिड़चिड़ा था। छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा करता था। वारदात वाले दिन भी किसी बात को लेकर परिजन से कहासुनी हो गई थी। इसके चलते बिना खाना खाए घर से चक्की पहुंचा था। इसी बात को लेकर खुदकुशी कर ली। सुबह जब पिता अतर सिंह पहुंचे तो हाथ में तमंचा लगा था और शव खून से लथपथ था। इस दौरान किसी ने वहां से तमंचा हटा दिया।
बाद में मृतक के चाचा हरिविलास ने हत्या का मुकदमा दर्ज करा दिया। जब परिजन को विश्वास में लेकर पूछताछ गई तो सारा मामला खुलकर सामने आया। एसएसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी यही स्पष्ट हुआ कि खुद ही गोली मारी गई है। क्योंकि शरीर पर कालापन भी पाया गया था।