एटा। थाना मिरहची क्षेत्र के गांव जारथल निवासी दान सिंह के मकान से 19 जुलाई की रात नकदी और जेवर चोरी हुए थे। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा शनिवार को किया।
एसएसपी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि जारथल निवासी सीआरपीएफ जवान दान सिंह के मकान के ताला तोड़कर चोरी कर ली गई थी। इस वारदात को अंजाम देने वाले बृजेश कुमार निवासी जारथल, मोनू उर्फ सोमेश निवासी जिन्हैरा और संतोष कुमार निवासी देवपुरा थाना मलावन को गिरफ्तार किया गया है। जबकि वारदात में शामिल अजय कुमार, विजय और हृदेश कुमार निवासीगण जारथल फरार हैं। इनकी तलाश की जा रही है। बताया कि चोरी की गई दो अंगूठी, एक जोड़ी पायल व 3400 रुपये बृजेश से, दो अंगूठी, चेन, एक करधनी व 3500 रुपये मोनू से और दो अंगूठी व 1300 रुपये संतोष से बरामद किए गए हैं।