सुनहरी नगर में बीएसएनएल की लाइन बिछाने के लिए की जा रही खोदाई की वजह से नगर पालिका की पाइप लाइन ध्वस्त हो गई। इसकी वजह से कॉलोनी के करीब डेढ़ सौ घरों की पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई। शुक्रवार को पेयजल तक नहीं हुआ। ऊपर से बिजली की अंधाधुंध कटौती ने लोगों की पानी की समस्या को बढ़ा दिया।
सुनहरी नगर स्थित राधा बिहार में गुरुवार की रात बीएसएनएल के ठेकेदार द्वारा लाइन बिछाने के लिए खोदाई का काम चल रहा था। इस दौरान मजदूरों ने लापरवाही बरते हुए नगर पालिका की पाइप लाइन को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसकी वजह से करीब डेढ़ सौ घरों की पानी सप्लाई शुक्रवार को बाधित हो गई। पालिका के जलकल प्रभारी सोबरन सिंह की माने तो ठेकेदार ने अपनी गलती को स्वीकारते हुए पालिका की पाइप लाइन को सही कराने का काम शुरू करा दिया। उन्होंने बताया कि शनिवार दोपहर तक पाइप लाइन में मरम्मत का काम पूरा होने के बाद पेयजल आपूर्ति बहाल की जाएगी। तब तक पालिका ने इलाके में टैंकर से पानी भिजवाने की व्यवस्था की है। बता दें कि पानी की सप्लाई बाधित होने से शुक्रवार केा लोगों को पानी किल्लत से जूझना पड़ा। सुनहरी नगर निवासी राकेश कुमार ने बताया कि पाइप लाइन टूटने के साथ ही गुरुवार रात से हो रही बिजली कटौती ने पानी की समस्या को और बढ़ा दिया है। उन्होंने पालिका से जल्द पानी की सप्लाई सुचारु करने की मांग की है।