थाना राजा का रामपुर में मतपेटिकाएं लुटने के बाद मौके पर निरीक्षण करने पहुंचे डीआईजी दीपक कुमार। ?
- फोटो : ETAH
एटा। थाना राजा का रामपुर क्षेत्र के गांव कैला में पहुंच डीआइजी ने कड़ा संदेश दिया। कहा कि मतदान केंद्र पर बवाल करने वाले उपद्रवियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। सोमवार को मतदान समाप्ति के समय गांव कैला में उपद्रवियों की भीड़ घुस आई थी। उन्होंने मतदान केंद्र के दरवाजे तोड़कर पुलिसकर्मी सहित मतदान कार्मिकों को पीटा और तीन मतपेटियां लूट ले जाने लगे। वहां पहुंचे जोनल मजिस्ट्रेट की गाड़ी रोककर पथराव किया। डीएम डॉ. विभा चहल तीनों बूथों पर पुनर्मतदान का आदेश दे चुकी हैं। वहीं मामले में 200 से अधिक उपद्रवियों के खिलाफ दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज कराए हैं। वारदात में शामिल कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है।
मंगलवार को डीआईजी अलीगढ़ दीपक कुमार ने गांव कैला और मतदान केंद्र का दौरा किया। अधीनस्थ अधिकारियों से जानकारी जुटाई। घटना के वीडियो भी देखे। वारदात में शामिल उपद्रवियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उधर, बूथ संख्या 63 के पीठासीन अधिकारी अशोक कुमार उपाध्याय और बूथ संख्या 64 के पीठासीन अधिकारी प्रेमकिशोर की तहरीर पर 200 से अधिक अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इसके मुताबिक आरोपियों ने पीठासीन अधिकारी, सहकर्मियों, पुलिस कर्मियों के साथ गाली-गलौज कर मारपीट की और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न कर मतपेटियों को लूट ले गए।