एटा। संयुक्त शिक्षा निदेशक अलीगढ़ मनोज कुमार गिरी ने जिले के तीन विद्यालयाें का निरीक्षण कर सोमवार को व्यवस्थाओं को देखा। तीनों विद्यालयों में गंदगी मिली। इस पर साफ-सफाई की व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। वहीं विद्यार्थियों को पाठ योजना के अनुसार पढ़ाने की बात कही।
सोमवार काे मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में छात्राओं की व्यवस्था को देखा। इस दौरान कक्षाओं में जाकर छात्राओं से बात की। वहीं प्रोजेक्ट अलंकार योजना के तहत निर्माणाधीन लैब को देखा। उन्होंने विद्यालय में साफ-सफाई की व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। क्रिश्चियन इंटर कॉलेज में पहुंचे। जहां शिक्षक डायरी दिखाने की बात कही। उन्होंने शिक्षकों को शिक्षक डायरी बना पाठ योजना के आधार पर विद्यार्थियों को पढ़ाने के निर्देश दिए।
अंत में राजकीय इंटर कॉलेज सकीट रोड गए। यहां रसायन विज्ञान की लैब को देखा। उन्होंने बताया तीनों ही विद्यालयों के प्रधानाचार्य सहित डीआईओएस को निर्देश दिए है कि विद्यार्थियों की उपस्थिति पर जोर दें। इसके साथ ही उन्हें नोट तैयार कराकर पढ़ाएं। इस दौरान एडीआईओएस क्षेत्रपाल सिंह रहे।