ग्रामीण क्षेत्रों में फुंकने वाले ट्रांसफार्मर को लेकर बिजली विभाग गंभीर नहीं है। महीनों ट्रांसफार्मरों फुंके रहने के बाद भी विद्युत विभाग उन्हें बदलने में दिलचस्पी नहीं दिखाता। विभागीय लापरवाही का खामियजा इस समय किसानों को भुगतना पड़ रहा है। किसान सिंचाई को लेकर परेशान हैं।
बारिश के मौसम में भी बारिश नहीं हो रही है। खेतों में जो फसल चल रही है उसको पानी की बेहद जरूरत है। मौसम की बेरुखी से किसान परेशान हैं। उनकी परेशानियों को बिजली विभाग और भी बढ़ा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में फुंके ट्रांसफार्मरों को बदलने में विभाग लापरवाही बरतता है। ढोलना एवं मंत्री के गांव महावर के ट्रांसफार्मरों को विभाग ने अभी बदला ही नहीं है। जखैरा में दो माह से दो ट्रांसफार्मर फुंके पड़े हैं। इनमें से एक ट्रांसफार्मर को तो विभाग ने हटवा दिया लेकिन दूसरा ट्रांसफार्मर यूं ही लगा हुआ है। बिलराम में भी एक माह से ट्रांसफार्मर फुंका हुआ है। विभागीय लापरवाही से इन क्षेत्रों में किसान परेशान हैं। किसानों में विभाग के प्रति आक्रोश भी बढ़ रहा है।
गांव में बिजली की लाइने काफी जर्जर हो चुकी हैं। इससे उनमें होने वाले फाल्ट का असर ट्रांसफार्मर पर पड़ता है। दो माह से दो ट्रांसफार्मर खराब हैं। बिजली के अभाव में फसल की सिंचाई नहीं हो पा रही। सत्यवीर किसान जखैरा
बिजली विभाग के अधिकारी ट्रांसफार्मर बदलवाने में गंभीरता नहीं दिखाते। नया ट्रांसफार्मर लगाने के लिए सुविध शुल्क की मांग की जाती है। - अशरफ अली कुरैशी, बिलराम