मंगलवार की सांय भी नगर के बिलराम गेट पर सदर कोतवाली के नजदीक चोरों ने एक सराफ की दुकान में चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने दुकान में रखी दस हजार की नगदी सहित लाखों रुपये मूल्य के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया।
चोरी की घटना राजेंद्र प्रसाद पुत्र सियाराम के यहां हुई। उनकी दुकान कोतवाली से कुछ ही दूरी पर है। सर्द रात्रि एवं अंधेरे का फायदा उठाकर चोरों ने दुकान की छत का दरवाजा और छत का जाल तोड़कर दुकान में प्रवेश कर लिया। दुकान की तिजोरी में रखी 10 हजार की नगदी एवं और 90 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। सुबह जब दुकान स्वामी दुकान खोलने पहुंचे तो दुकान का सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। चोरी की घटना की जानकारी आसपास के लोगों को हुई तो वह भी मौके पर आ गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने चोरी की घटना का निरीक्षण किया। व्यापारी की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।