एटा। जिले में 16 अक्तूबर से दस्तक अभियान चल रहा है। इसकी हकीकत परखने के लिए बुधवार को अलीगढ़ से जेडी स्वास्थ्य डॉ. मोहन झा एटा पहुंचे। निधौलीकलां ब्लॉक क्षेत्र में घरों पर जाकर लोगों से अभियान के बारे में जानकारी ली। ग्रामीणों को स्वास्थ्य इकाइयों पर ही इलाज कराने के लिए प्रेरित किया।
निधौलीकलां ब्लॉक क्षेत्र के गांव भदवास में बुधवार को जेडी स्वास्थ्य पहुंचे। उन्होंने गांव में साफ-सफाई की व्यवस्था को देखा। इस दौरान एक दो स्थानों पर जलभराव की स्थिति मिली। इस पर सफाई कराने को कहा। इसके बाद जेडी ने घर-घर पहुंचकर दस्तक अभियान के बारे में लोगों से जानकारी ली। पूछा कि आशा घर पर आईं तो क्या-क्या बताया गया। बीमारी से ग्रसित लोगों के बारे में जानकारी की या नहीं।
ग्रामीणाें ने जेडी को आशा द्वारा लगाए गए दस्तक अभियान के पोस्टर आदि के बारे में जानकारी दी। इसके बाद वह निधौलीकलां के मोहल्ला साढ़ूपुरा में जेडी पहुंचे। यहां भी लोगों से आशा के बारे में जानकारी की। जेडी ने दोनों ही स्थानों पर लोगों से कहा कि अगर किसी को बुखार आ रहा है या फिर अन्य कोई समस्या है तो सरकारी अस्पताल में जाकर उपचार लें। बिना जांच कोई दवा का सेवन न करें।