पंचायत चुनाव के प्रथम चरण में जैथरा-अलीगंज में हुए बवाल व बूथ कैप्चरिंग की घटना के बाद गुरुवार को पुनर्मतदान होगा। जैथरा के पांच, अलीगंज के 20 बूथों के अलावा दूसरे चरण के शीतलपुर के चार और सकीट के सात बूथों पर भी पुनर्मतदान कराया जाएगा। बुधवार को पोलिंग पार्टियां व पुलिस फोर्स केंद्रों पर पहुंची।
पुनर्मतदान को लेकर पोलिंग बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। बूथ पर मतदाता के अलावा अन्य कोई व्यक्ति नहीं घुसने दिया जाएगा इसके लिए बूथ के आसपास चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। 20 बूथों पर पुनर्मतदान के लिए प्रत्याशियों ने भी मतदाताओं को पूरी रात मनाने का काम किया। पुलिस उपाधीक्षक आशाराम अहिरवार, एसडीएम अलीगंज रामदास ने कहा कि बूथ पर मतदाता के अलावा कोई भी व्यक्ति आसपास नहीं दिखाई देगा। उपजिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत राजेंद्र कुमार ने बताया कि रिटर्निंग आफिसर, पीठासीन अधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट व जोनल मजिस्ट्रेट द्वारा दी गई सूचनाओं के आधार पर जैथरा ब्लॉक के पांच और अलीगंज के 20 बूथों पर मतदान होगा।
किस-किस बूथ पर होगा मतदान
जैथरा के बूथ संख्या 160-161 प्राथमिक विद्यालय शहवाजपुर, बूथ संख्या 188-189 प्राथमिक विद्यालय टिकाथर, 190 प्राथमिक विद्यालय टिकाथर एवं अलीगंज क्षेत्र के मतदान स्थल 14 व 15 प्राथमिक विद्यालय गेवर असदुल्लापुर, बूथ 24 व 25 के प्राथमिक पाठशाला ससौता दोषपुर, 29 प्राथमिक पाठशाला अमोघपुर ब्रह्मनान, 30 व 31 प्राथमिक पाठशाला मितौलिया, बूथ संख्या 46 व 47 प्राथमिक विद्यालय बिल्सड पुवायां, 48-49 जूनियर हाईस्कूल बिल्सड पछाया, 77-78 प्राथमिक पाठशाला टिकैतपुरा, 112 प्राथमिक पाठशाला रामनगर, 114 प्राथमिक पाठशाला जाजलपुर, 116 प्राथमिक पाठशाला नकटई खुर्द, 135 प्राथमिक पाठशाला नगला केसरी, 153 आंगनबाड़ी केंद्र फर्दपुरा, 285 प्राथमिक पाठशाला पहाड़पुर, 286 प्राथमिक पाठशाला पहाड़पुर मतदान स्थलों के अलावा विकास खंड शीतलपुर के मतदान स्थल 105 प्राथमिक पाठशाला जंगलपुर, 147 प्राथमिक पाठशाला नगला धीमर, 209 प्राथमिक पाठशाला भगीपुर कक्ष संख्या तीन, 293, कोयना-सकीट ब्लॉक क्षेत्र के मतदान स्थल 67 क, 68 प्राथमिक पाठशाला ब्रिसिंगपुर भाग एक, 71 पंचायत घर दासपुर, 82 प्राथमिक पाठशाला नवाना कक्ष संख्या एक, 83 प्राथमिक पाठशाला नवादा कक्ष संख्या दो, 84 कन्या जूनियर हाईस्कूल देवपुरा, 125 प्राथमिक पाठशाला सिंहपुर फफोतू पर गुरुवार को पुनर्मतदान होगा।
15-17 तक बंद रहेंगी शराब की दुकानें
जिला मजिस्ट्रेट निधि केसरवानी ने बताया कि तीसरे चरण मेें विकास खंड जलेसर और अवागढ़ में 17 अक्तूबर को मतदान होगा। विकास खंडों की सीमाओं से आठ किलोमीटर तक की दूरी की सभी मादक पदार्थों की दुकानें 15-17 तक बंद रहेंगी।
कार्मिकों को मिलेगा दो दिन का यात्रा भत्ता
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सुधाकर मैथिल ने बताया कि पंचायत सामान्य निर्वाचन में लगे कार्मिकों को मतदान के दिन मतदान स्थलों पर ड्यूटी करने के लिए एक दिन की जगह दो दिन का यात्रा भत्ता दिया जाएगा।