सराफा व्यापारी संजीव जैन हत्याकांड
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
शहर के मुख्य सराफा व्यापारी संजीव जैन उर्फ पंच्चू लाला की हत्या का खुलासा नहीं होने से जैन समाज में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बुधवार को जैन समाज के साथ व्यापारियोें ने घंटाघर से डीएम कार्यालय तक जुलूस निकाला। जुलूस में शामिल लोग पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हत्याकांड के खुलासे की मांग कर रहे थे। व्यापारियों ने डीएम को राज्यपाल, रेल मंत्री और सीएम के नाम ज्ञापन सौंपा है।
22 अप्रैल की रात प्रॉपर्टी का सौदा कर आगरा से ट्रेन में सवार होकर लौट रहे सराफा व्यापारी संजीव जैन की लूटपाट के बाद हत्या कर दी गई थी। देर रात घर नहीं पहुंचने पर जब परिवारीजनों ने तलाश किया तो उन्हें रेलवे स्टेशन के समीप शव पड़ा मिला था। मृतक के भाई प्रमोद जैन ने लूटपाट और हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने मामला जीआरपी को ट्रांसफर कर दिया था। जीआरपी एसएसपी आगरा ने मामले की जांच जीआरपी सीओ कासगंज को सौंप दी थी। लेकिन 25 दिन बाद भी जीआरपी हत्याकांड का खुलासा नहीं कर पाई है। इसी से गुस्साए जैन समाज के लोगों ने बैठक बुलाकर आंदोलन की रणनीति तैयार की है। बुधवार को जैन समाज के साथ नगर के व्यापारियों ने घंटाघर से डीएम कार्यालय तक जुलूस निकाला। जुलूस में शामिल लोग पुलिस एवं प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर हत्याकांड के खुलासे की मांग कर रहे थे। डीएम कार्यालय पर पहुंच कर व्यापारियों ने डीएम अजय कुमार यादव का राज्यपाल, रेल मंत्री और मुख्यमंत्री के नाम संजीव जैन हत्याकांड के खुलासे की मांग को लेकर ज्ञापन साैंपा है। डा. सुमंत गुप्ता, राधा रमन वार्ष्णेय, प्रमोद गुप्ता, जैन समाज के अध्यक्ष सुरेश चंद्र जैन, अंकित जैन, मोना जैन, राज जैन, गौरव, रजनीश गुप्ता, इरशद, मीनू, तरुण जैन, वेदी जैन, ज्ञानेश जैन, प्रतीश, गोल्डी, दिनेश चंद्र यादव, आकाश जैन, सचिन जैन, मुकेश समेत अनेक लोग मौजूद रहे।