एटा। जिला कारागार में आजीवन कारावास की सजा काट रहे एक कैदी की सोमवार की देररात मौत हो गई। उसे गाजियाबाद में अपहरण और हत्या करने के मामले में उम्रकैद की सजा मिली है।
जिला बिजनौर थाना व कस्बा बरसी कीरतपुर निवासी जितेंद्र उर्फ चीखू (40) पुत्र सत्यवीर सिंह को गाजियाबाद में अपहरण कर हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। इसके बाद सेंट्रल जेल आगरा भेज दिया गया था। सेंट्रल जेल में अधिकारियों का भरोसा जीत लिया और कंप्यूटर चलाने लगा। यहां से वर्ष 2013 में जितेंद्र मेनगेट से भाग कर फरार हो गया।
आगरा पुलिस ने किसी तरह से 2019 में पकड़ लिया। प्रशासनिक स्तर से वैधानिक कार्रवाईयां करने के बाद 20 नवंबर 2019 को जिला कारागार एटा भेज दिया गया। तब से आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। सोमवार की शाम अन्य बंदियों और कैदियों के साथ जितेंद्र ने खाना खाया और अचानक रात 10 बजे सीने में तेज दर्द होने लगा।
इसके बाद जिला जेल चिकित्सक ने दवाएं दी लेकिन आराम नहीं मिलने पर जिला अस्पताल भेज दिया गया और रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। जेल अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि कैदी के सीने में सोमवार की देररात अचानक तेज दर्द हुआ था। उसको जिला अस्पताल भेजा गया और उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है। वहीं, परिजनों को सूचना दे दी गई है।