प्रजापिता ब्रह्मा कुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के सेवाकेंद्र द्वारा ग्राम भैंसोरो बुजुर्ग में विश्व मृदा दिवस पर किसान मेले का आयोजन किया गया। जिसमें किसानों को मृदा के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की जानकारियां दी गई। वहीं व्यसन से दूर रहने का आह्वान किया गया।
उन्होंने कहा कि ऐसे समय पर विश्व कल्याणकारी, विश्व रक्षक पिता परमात्मा का सत्य परिचय जानकर उनसे बुद्धियोग जोड़ने से ही आपसी भाई-चारा, प्रेम, सद्भावना एवं सच्ची सुख-शांति प्राप्त की जा सकती है। समाज में आध्यात्मिक जागृति लाने एवं जीवन में श्रेष्ठ कर्मों की खेती बोने की प्रेरणा लेकर हमें अपने आपको व साथ साथ हमारी धरती माता को सतोप्रधान बनाना है, क्योंकि बलवान धरती में ही अच्छा उत्पादन संभव है और यही किसानों की खुशहाली का रास्ता है। सिरसागंज से आईं बीके शिल्पी ने किसानों को बेहतर स्वास्थ्य के लिए व्यसनों से दूर रहने का आह्वान किया।
पूर्व संयुक्त कृषि निदेशक रामप्रकाश चौहान ने बताया गया कि आज शुद्ध अन्न नहीं मिल रहा है। इससे विभिन्न प्रकार की बीमारियां हो रही हैं। यदि किसान को शाश्वत यौगिक के द्वारा अन्न उत्पादन करेंगे, तो बिना रासायनिक खाद व कीटनाशक के प्रयोग के ही शुद्ध अन्न का उत्पादन किया जा सकता है। जिला कृषि अधिकारी सुमित सिंह चौहान ने कहा कि विश्व मृदा दिवस का उद्देश्य है कि मिट्टी से जुड़े हुए हर व्यक्ति में मिट्टी के महत्व प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम को आत्मा के डिप्टी पीडी राजकुमार, डा. मनीष कुमार ने भी संबोधन किया। कार्यक्रम में मनोज भाई, कालीचरण, राजकिशोर, लालाराम, विनीत सिंह, राजेंद्र, कालिका, ओमप्रकाश यादव, रामबाबू, नारायण लाल, सुमेंद्र सिंह, प्रेमपाल, विनोद कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।