एटा-कासगंज रोड पर आईटीआई के पास रोड पर लगा लंबा जाम।
- फोटो : ETAH
एटा। कृषि कानून के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे सपा और किसानों के आंदोलन की वजह से शहर के प्रत्येक मार्ग पर जाम लगा रहा। सुबह नौ बजे से ही शहर में जाम लगना शुरू हो गया जो दोपहर बाद चार बजे तक लगा रहा। इस दौरान जीटी रोड सहित प्रमुख सड़कों और गलियों में जाम लगने से वाहनों की कतारें लगीं नजर आईं।
किसान और सपा के आंदोलन के चलते शहर की सड़कों पर वाहनों का लंबा जाम लग गया। वहीं संपर्क मार्ग भी जाम से प्रभावित रहे। दोपहिया वाहन चालक गली मोहल्ले से होकर गुजरने के लिए मजबूर हो गए। जीटी रोड पर विरामपुर से जेएलएन डिग्री कॉलेज तक जाम लग गया, वहीं कासगंज रोड पर आर्ष गुरुकुल तक वाहनों की लाइन लगी रही। यही हाल आगरा रोड का रहा। लोगों ने शहर में घुसने के लिए रेलवे रोड से नगला पोता से गुजरने वाले रास्ते का प्रयोग किया, जिससे नगला पोता, रेवाड़ी मोहल्ला, पटियाली गेट, ठंडी सड़क पर भी जाम लग गया।