पांच किलो वाट के पावर कनेक्शन धारक उपभोक्ताओं के बिल बिजली विभाग ने औसत से कई गुना अधिक भेज दिए हैं। इससे उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया है। उपभोक्ताओं ने व्यापार मंडल के साथ जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। बिल सही न करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
बिजली विभाग अब तक दस किलो वाट तक के उपभोक्ताओं के बिल किलो वाट ऑवर्स के हिसाब से बना कर भेजता था। विभाग ने अचानक पांच किलो वाट के उपभोक्ताओं के बिल को किलो वाट एंपियर ऑवर्स में बनाकर भेज दिया। विभाग के इस कदम से उपभोक्ताओं के बिल कई गुना अधिक बढ़ गए । बिल में पिछली रीड़िंग के अंतर को भी शामिल करके बिल बना दिए गए। बिल देख उपभोक्ताओं के होश उड़ गए। विभाग की इस मनमानी को लेकर उपभोक्ताओं में रोष फैल गया। उपभोक्ता व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ जिलाधिकारी से मिले। उपभोक्तओं ने जिलाधिकारी के समक्ष अपनी समस्या रखी। व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुरेश वार्ष्णेय ने कहा कि यदि उपभोक्ताओं के बिलों को पूर्व की भांति नहीं किया तो व्यापारी और अन्य उपभोक्ता आंदोलन को मजबूर होंगे। इस दौरान सतीश गुप्ता, अखिलेश अग्रवाल, मनोज सिंघल, जहीर अहमद, परवेज सैफी, लतीफ, आरिफ, सरताज, रहीश अहमद, आबिद अहमद आदि मौजूद रहे। जिलाधिकारी जेपी त्रिवेदी ने विभाग के अधिशासी अभियंता को तत्काल समस्या के समाधान करने के निर्देश दिए हैं।