एटा। इस बार स्वतंत्रता का उत्सव कुछ खास होगा। 9 से 15 अगस्त तक मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम के तहत विभिन्न गतिविधियां होंगी। इसके बाद गांव-गांव की मिट्टी से निर्मित कलशयात्रा निकालकर इसे लखनऊ और दिल्ली तक पहुंचाया जाएगा। इससे अमृत वाटिका उद्यान विकसित किया जाएगा।
आयोजन को लेकर कलेक्ट्रेट में हुई बैठक में डीएम अंकित कुमार अग्रवाल ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यक्रमों का आयोजन तीन प्रमुख चरणों में किया जाएगा। इसमें ग्राम स्तरीय, पंचायत स्तरीय और ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम होंगे। जिनके चयनित दो श्रेष्ठ प्रतिभागी प्रदेश एवं देश की राजधानी में आयोजित समापन समारोह कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। 9 अगस्त की सुबह अमृत सरोवर, पंचायत भवन, विद्यालयों, शहीद स्थलों, अमृत वाटिकाओं, सामुदायिक केंद्रों पर बैठकों का आयोजन किया जाएगा। सहभागी गांव के खेत, बगीचे या अन्य स्थानों से मुट्ठी भर मिट्टी लाकर ग्राम पंचायत परिसर में एकत्रित होंगे। मिट्टी को दो कलशों में रखा जाएगा। ग्राम, पंचायतों से मिट्टी-कलश अमृत यात्रा का शुभारंभ करते हुए ब्लॉक स्तर पर 16 से 20 अगस्त तक पहुंचाए जाएंगे। हर ग्राम पंचायत से एक-एक कलश लखनऊ तथा दिल्ली में आयोजित राज्य व राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों तक चयनित श्रेष्ठ प्रतिभागियों के माध्यम से पहुंचाए जाएंगे। इस मिट्टी को अमृत वाटिका उद्यान विकसित करने के लिए उपयोग किया जाएगा। इस वाटिका में स्वदेशी प्रजातियों के 75 वृक्षों के लिए पौधरोपण किया जाएगा। देश की स्वतंत्रता, एकता, अखंडता के लिए योगदान देने वाले सभी नायकों को समर्पित एक आजादी का अमृत महोत्सव स्मारक बनाया जाएगा।
9 अगस्त को कार्यक्रम में जनभागीदारी करने वाले व्यक्तियों को मुट्ठी में मिट्टी लेकर पंच-प्रण दिलाए जाएंगे, सेल्फी ली जाएंगी। ग्राम पंचायतों पर 15 अगस्त को 75 पौधों का रोपण कर अमृत वाटिका विकसित की जाएगी। तो वहीं ग्राम पंचायत, ब्लाॅक स्तर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, सेना, केंद्रीय पुलिस बल तथा राज्य पुलिस के सेवारत एवं सेवानिवृत्त ड्यूटी के दौरान शहीद होने वाले रक्षाकर्मियों के परिवारों को 15 अगस्त को समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इसी तरह नगर पंचायतों तथा नगर पालिकाओं में भी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। सीडीओ डाॅ. एके बाजपेयी, डीडीओ प्रवीन कुमार राय, डीसी मनरेगा प्रभुदयाल, डीसी एनआरएलएम प्रतिमा निमेष, डीपीआरओ केके सिंह आदि अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।