जैथरा में खोखा हटाने पहुंचे ईओ व कर्मचारी का विरोध करते लोग।
- फोटो : जैथरा में खोखा हटाने पहुंचे ईओ व कर्मचारी का विरोध करते लोग।
जैथरा। कस्बे में फुटपाथ पर चल रहे एक परचून के खोखे की शिकायत हुई। रविवार देर शाम नगर पंचायत के ईओ इसे हटवाने के लिए पहुंचे। लोगों ने ईओ के नशे में होने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया, उनके साथ अभद्रता की गई। हंगामे के कारण कार्रवाई बिना किए टीम लौट आई। किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया।
अधिशासी अधिकारी कृष्ण प्रताप सरल नगर पंचायत टीम के साथ रविवार शाम एटा-अलीगंज मार्ग पर इंडिया एटीएम के पास एक खोखे को हटाने पहुंचे थे। इसको हटवाने के लिए मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की गई थी। वहां से आदेश के अनुपालन में ईओ ने संचालक को खोखा हटाने के लिए पूर्व में नोटिस भी दिए थे। निकाय की टीम को देखते ही खोखा संचालक के साथ कई अन्य लोग एकत्रित हो गए। ईओ पर शराब के नशे में होने का आरोप लगाते हुए काफी अभद्रता की। हालात बेकाबू होते देख टीम को लौटना पड़ा।
ईओ ने बताया कि सीएम पोर्टल पर हुई शिकायत पर आदेश के अनुपालन में वह कार्रवाई करने गए थे। विरोध के कारण अधूरी कार्रवाई हो पाई। सोमवार को थाने से सहयोग की मांग की, लेकिन पर्याप्त पुलिस बल न होने की बात बताई गई। जल्द ही पुलिस बल के साथ कार्रवाई करते हुए खोखा स्थायी रूप से हटवाया जाएगा।