शनिवार को अलीगंज रोड पर जाम में फंसे वाहन। संवाद
- फोटो : samvad
एटा। अलीगंज रोड स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति पर शनिवार को धान की आवक बढ़ते ही जाम लग गया। सुबह से दोपहर तक करीब चार घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों व भारी वाहनों की लंबी कतारें लगने से राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ी। स्कूल से लौटते बच्चों, ऑफिस जा रहे कर्मचारियों को जाम में फंसकर इंतजार करना पड़ा।
किसान बड़ी मात्रा में धान लेकर मंडी के बाहर आसपास स्थित निजी कांटों पर पहुंचे। मंडी के बाहर सड़क किनारे निजी कांटों पर तुलाई होने के कारण वाहनों की आवाजाही बाधित रही। अलीगंज रोड पर सुबह 10 से लेकर 2 बजे तक जाम लगा रहा। स्थिति ऐसी बनी कि दो पहिया वाहन व पैदल लोगों तक का निकालना मुश्किल हो गया। स्थानीय निवासी ओमकार ने बताया कि मंडी के बाहर स्थित निजी कांटों पर सड़क किनारे धान की खरीद व तुलाई होने से यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। कई बार अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद स्थिति जस की तस है।
इधर वाहन चालकों व राहगीरों ने जाम खुलवाने के लिए खुद प्रयास किए लेकिन धान से लदे वाहनों की संख्या अधिक होने से स्थिति काबू में नहीं आ सकी। सूचना के बाद पहुंची यातायात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक-एक कर वाहनों को किनारे हटवाया, तब जाकर यातायात कुछ हद तक बहाल हो सका। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि निजी कांटों पर सड़क पर तौलाई पर रोक लगाई जाए और किसानों को मंडी में स्थित सरकारी कांटों पर भेजा जाए ताकि मंडी मार्ग पर लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।