एटा। नगर पालिका ने अपने क्षेत्र को बढ़ाने की कवायद शुरू कर दी है। पालिका की बोर्ड बैठक में क्षेत्रफल को बढ़ाने के लिए प्रस्ताव पास किया गया था। इस परिसीमन में ग्राम पंचायत को शामिल नहीं किया जाएगा। इस दौरान सड़क के दोनों तरफ से 100 मीटर के अंदर नई आबादी को शामिल किया जाएगा।
नगर पालिका की बोर्ड बैठक में पालिका के परिसीमन क्षेत्र को बढ़ाने के लिए प्रस्ताव पास किया गया था जिस पर पालिका ने कवायद शुरू कर दी है। चेयरमैन मीरा गांधी ने बताया कि पालिका ने नक्शा तैयार करा लिया है, वहीं यह निर्णय लिया गया है कि पालिका क्षेत्र के बाहर नई आबादी को उसमें जोड़ा जाएगा। इसके लिए सड़क के दोनों तरफ करीब 100 मीटर तक की आबादी को शामिल किया जाएगा। चेयरमैन ने बताया कि पालिका के परिसीमन क्षेत्र में किसी भी ग्राम पंचायत को शामिल नहीं किया जाएगा।
ऐसे किया जाएगा परिसीमन
चेयरमैन ने बताया कि जीटी रोड पर एफसीआई गोदाम तक सड़क के दोनों तरफ 100 मीटर तक नई आबादी वाले घरों को शामिल किया जाएगा। वहीं नवीन गल्ला मंडी तक परिसीमन विस्तार किया जाएगा। शिकोहाबाद रोड पर गंगनपुर तक, आगरा रोड पर ईशन नदी तक, गंजडुंडवारा रोड पर किदवई नगर और शिवसिंहपुर के बीच की आबादी को शामिल किया जाएगा। सकीट रोड पर चिलासनी तक, अलीगंज रोड पर शीतलपुर तक विस्तार किया जाएगा।