एटा। थाना निधौली कलां क्षेत्र के नगला संत में बृहस्पतिवार को सांड़ ने एक किसान को पटक दिया। आसपास के लोग उन्हें बचाने के लिए दौड़े और मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में उपचार के लिए लाए। यहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। नगला संत निवासी वीरपाल (60) सुबह करीब 10 बजे अपने खेत में मक्का की फसल रखाने के लिए जा रहे थे। रास्ते में उन्हें दो सांड़ आपस में लड़ते हुए दिखे। एक सांड़ वीरपाल के पीछे पड़ गया। उन्होंने उसे मारकर भगाने की कोशिश की। तब तक सांड़ ने उन्हें उठाकर पटक दिया। चीख पुकार सुनकर आस-पास के ग्रामीण उन्हें बचाने के लिए दौड़े। बड़ी मशक्कत से दोनों सांड़ को भगाया। इसके बाद घायल वीरपाल को लोग मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत मृत घोषित कर दिया। परिजन शव का पोस्टमार्टम कराया है।