एटा। भीषण गर्मी और बदलते मौसम की वजह से उल्टी-दस्त और बुखार के मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में डायरिया पीड़ित युवती को परिजन लेकर आए जिसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके अलावा महिला मलेरिया पीड़ित निकली जिसे वार्ड में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है।
मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी बुधवार रात करीब 11 बजे गुंजन (24) निवासी लालपुर को परिजन लेकर आए। यहां पिता बिशन सिंह ने बताया कि दो दिन से उसे उल्टी, दस्त और पेट में दर्द हो रहा था। निजी क्लीनिक पर डायरिया का उपचार कराने के बाद भी आराम नहीं मिला। रात को अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उसे मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
इसके अलावा मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग में बृहस्पतिवार को विभिन्न बीमारियों के करीब 350 मरीजों का उपचार किया गया। चिकित्सकों ने बताया कि मौसम बदलने और भीषण गर्मी की वजह से ज्यादातर लोग पेट दर्द, उल्टी व दस्त के साथ वायरल बुखार से पीड़ित आ रहे हैं। सामान्य वार्ड में 39 लोगों को भर्ती कर उपचार दिया जा रहा था।
मलेरिया पीड़ित निकली महिला
मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में बृहस्पतिवार सुबह करीब 11ः30 बजे सावित्री (35) निवासी कासोन बुखार की दवा लेने पहुंची। यहां उसने चिकित्सकों को निजी पैथोलॉजी लैब पर खून की जांच कराई गई रिपोर्ट दिखाई। इसमें वह मलेरिया पीड़ित थी। चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज के सामान्य वार्ड में भर्ती करा दिया। यहां चिकित्सकों ने मलेरिया की जांच के लिए रक्त का नमूना भेजा है।
सांस की बीमारी से पीड़ित दो बुजुर्गों की गई जान
एक की उपचार के दौरान हुई मौत, दूसरे बुजुर्ग को इमरजेंसी में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
संवाद न्यूज एजेंसी
एटा। मेडिकल कॉलेज में बृहस्पतिवार को दो बुजुर्गों की सांस की बीमारी से मौत हो गई। एक बुजुर्ग की उपचार के दौरान तो दूसरे की इमरजेंसी में लाते समय मौत हो गई।
मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में सुबह 10 बजे रूप किशोर (73) निवासी संजय नगर को परिजन उपचार के लिए लाए। परिजन ने बताया कि उन्हें सांस उखड़ने की दिक्कत थी। इस वजह से उनकी तबीयत खराब हो गई। चिकित्सकों ने बुजुर्ग को प्राथमिक उपचार देकर मेडिकल कॉलेज के पांचवें तल पर आईसीयू में भर्ती करा दिया। यहां करीब डेढ़ घंटे उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजन शव को पोस्टमार्टम कराए बिना घर ले गए।
इसके अलावा बुधवार रात करीब 8ः30 बजे मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में डालचंद्र (65) निवासी मानपुर को परिजन लेकर आए। यहां भतीजे मयंक ने बताया कि उनकी शाम के समय अचानक सांस उखड़ने से तबीयत खराब हो गई। इसके बाद उन्हें इमरजेंसी लेकर पहुंचे यहां चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत मृत घोषित कर दिया।
-
जिले के सभी ब्लॉकों में तीन दिन लगेंगे स्वास्थ्य शिविर
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विभिन्न योजनाओं का किया जाएगा प्रचार प्रसार, किया जाएगा पंजीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
एटा। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले के सभी आठ विकासखंडों में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविर में विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने और लाभार्थियों के पंजीकरण के लिए 14 विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। सीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने बृहस्पतिवार को इस संबंध में जानकारी दी। बोले 14 से 16 जून तक जिले के सभी आठ विकास खंड पर स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इसमें लोगों की स्वास्थ्य जांच, परामर्श और आवश्यक उपचार संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। बताया कि शिविरों में आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, पीएम स्वनिधि योजना, अटल पेंशन योजना सहित केंद्र और राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। पात्र लाभार्थियों का मौके पर ही पंजीकरण भी कराया जाएगा।